पुलिस की तत्परता बनी जीवन की ढाल,: हाईटेंशन टावर पर चढ़े युवक का सफल रेस्क्यू
sonbhadra
08:17 PM, Feb 15, 2026
पत्नी से नाराज़ होकर हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़े एक युवक को सोनभद्र पुलिस ने सूझबूझ, धैर्य और प्रभावी संवाद के माध्यम से सकुशल नीचे उतार लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और संभावित गंभीर घटना को टाल दिया।

Share:
Published By
Neeraj Shukla
पत्नी से नाराज़ युवक का खतरनाक कदम
डिजिटल डेस्क
सोनभद्र । जनपद में पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और उत्कृष्ट संवाद कौशल का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद से आहत एक युवक 33 हजार के हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया। स्थिति अत्यंत गंभीर थी और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन पुलिस की सूझबूझ, उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन और धैर्यपूर्ण प्रयासों ने युवक की जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करमा थाना क्षेत्र के ग्राम मगरदहा निवासी 23 वर्षीय विश्राम कुमार अपने ससुराल ग्राम छपका, थाना रॉबर्ट्सगंज में पत्नी की विदाई के लिए गया था। पारिवारिक कारणों से विदाई न होने से आहत होकर वह पास ही स्थित 33 हजार के हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने तत्काल आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए, जिसके क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने अत्यंत संयम और संवेदनशीलता का परिचय दिया। किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या बल प्रयोग करने के बजाय पुलिस अधिकारियों ने युवक से लगातार संवाद स्थापित किया। क्षेत्राधिकारी नगर स्वयं युवक को समझाते रहे और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाएगा। पुलिसकर्मियों ने धैर्य, सहानुभूति और विश्वास का माहौल बनाते हुए युवक का मनोबल बढ़ाया। लगातार प्रयास और सकारात्मक संवाद का परिणाम रहा कि युवक पुलिस की बातों से सहमत हो गया और अंततः सुरक्षित एवं सकुशल नीचे उतर आया। इस प्रकार पुलिस की तत्परता, सूझबूझ एवं पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप की गई प्रभावी कार्रवाई से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि सोनभद्र पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर संवेदनशील संरक्षक और जीवन रक्षक की भूमिका भी निभाती है।
हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं पुलिस टीम की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की सराहना की है। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक एवं शांति व्यवस्था संबंधी कार्यवाही की जा रही है।
हाईटेंशन टावर पर चढ़े युवक को समझाकर नीचे उतारते सीओ नगर और राबर्ट्सगंज पुलिस टीम।

