अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, : शक्तिनगर पुलिस ने चोरी की कार सहित पांच अभियुक्तों को दबोचा
sonbhadra
08:36 PM, Feb 15, 2026
शक्तिनगर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी की कार सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में बरामद वाहन के साथ अभियुक्तों को पकड़कर पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया है।

चोरी की कार के साथ गिरफ्तार अभियुक्तों को बरामद वाहन सहित प्रदर्शित करती शक्तिनगर पुलिस टीम।
Share:
Published By
Neeraj Shukla
सोनभद्र | जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की कार के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खोखरी पुलिया (रेलवे साइडिंग) के पास घेराबंदी कर चोरी की टाटा इंडिका कार (संख्या MP66C1609) सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अंतर्राज्यीय स्तर पर घूम-घूमकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों ने बताया कि वे काम की तलाश में शक्तिनगर क्षेत्र आए थे और मौका पाकर बस स्टैंड के पास खड़ी इंडिका कार को अपने पास मौजूद चाभी से खोलकर चोरी कर लिया। चोरी की कार से दूसरे स्थान जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण पकड़े गए। पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी अभियुक्त पंजाब राज्य के तरनतारन जिले के निवासी हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक अंतर्राज्यीय गिरोह है, जो विभिन्न राज्यों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस द्वारा आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

