होमवीडियो
Breaking News

Welcome to Jan Samvad Live. Get a daily news update.

न्यूज़husband got angry when asked to take bath slit wife s throat with knife more than 10 stitches required

नहाने को कहा तो भड़क उठा पति, चाकू से पत्नी का गला रेता : 10 से ज्यादा टांके लगे

उत्तर प्रदेश

09:51 PM, Mar 15, 2026

सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र के ओदार गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। मानसिक रूप से असंतुलित पति ने मामूली बात पर अपनी ही पत्नी की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। खून से लथपथ हालत में महिला जमीन पर तड़पती रही, जबकि आरोपी उस पर हमला करता रहा। गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके गले में 10 से अधिक टांके लगे।

नहाने को कहा तो भड़क उठा पति, चाकू से पत्नी का गला रेता  : 10 से ज्यादा टांके लगे

मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़िता

Share:

Neeraj Shukla

Published By

Neeraj Shukla

पति के गुस्से ने ली खतरनाक शक्ल, चाकू से पत्नी का गला काटने की कोशिश

- घोरावल के ओदार गांव की घटना, मानसिक संतुलन बिगड़ने के बाद मायके में रहती थी पत्नी  


नीरज शुक्ला 
सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। ओदार गांव में मानसिक रूप से असंतुलित पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पत्नी के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गले में 10 से अधिक टांके लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



मिली जानकारी के अनुसार मिर्जापुर-सोनभद्र सीमा के पास स्थित करौना गांव निवासी 30 वर्षीय सुनीता की शादी कुछ वर्ष पहले घोरावल थाना क्षेत्र के ओदार गांव निवासी विकास कुमार के साथ हुई थी। दंपत्ति का एक बेटा भी है। बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले विकास का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। उसके असामान्य व्यवहार से परेशान होकर सुनीता लगभग एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। इस दौरान पति-पत्नी के बीच अलगाव जैसी स्थिति बन गई थी। करीब चार दिन पहले सुनीता अपने ससुराल में रखा सामान लेने के लिए ओदार गांव पहुंची थी। ससुराल पहुंचने पर गांव के कुछ लोगों ने सुनीता को समझाया कि वह कुछ दिन रुककर देखे, संभव है कि उसके रहने से विकास के व्यवहार में कुछ सुधार आ जाए। ग्रामीणों की इस सलाह पर वह कुछ दिन के लिए वहीं रुक गई थी।

---
नहाने की बात पर बौखला गया पति
रविवार की शाम सुनीता ने अपने पति विकास से नहाने के लिए कहा। बताया जाता है कि विकास लंबे समय से नहाना छोड़ चुका था और बेहद असामान्य व्यवहार कर रहा था।
पत्नी द्वारा नहाने के लिए कहे जाने पर वह अचानक आक्रोशित हो गया और घर में रखे चाकू से सुनीता की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले से महिला बुरी तरह घायल हो गई और उसका शरीर खून से लथपथ हो गया।

---
खून से लथपथ तड़पती रही, फिर भी करता रहा मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धारदार हथियार से हमला होने के बाद सुनीता जमीन पर खून से लथपथ होकर छटपटा रही थी, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह उसके साथ मारपीट करता रहा। इसी बीच उसकी चचेरी जीठानी मौके पर पहुंची और किसी तरह बीच-बचाव कर सुनीता को वहां से निकालकर ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

---
सीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
घायल महिला को पहले घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक गले पर गहरा घाव होने के कारण उसके गले में 10 से अधिक टांके लगाए गए हैं और फिलहाल उसका इलाज जारी है। इस ममले में पीड़िता की जान भी जा सकती थी।

--
पहले अपनी मां पर कर चुका है हमला
सूत्रों की मानें तो आरोपी विकास का व्यवहार पिछले कुछ महीनों से काफी आक्रामक हो गया था। बताया जाता है कि कुछ महीने पहले उसने अपनी ही मां पर भी हमला कर दिया था, जिसमें उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
---
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही घोरावल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विकास कुमार को हिरासत में ले लिया। उधर, हमले के बाद पीड़िता काफी दहशत में है। सूचना मिलने पर उसके मायके के लोग भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। घोरावल थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। परिजनों से मिली शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया आरोपी के मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की बात सामने आई है।

सम्बंधित खबर

विज्ञापन

Follow Us:

InstagramYouTube
Developed by SpriteEra IT Solutions

© Copyright jansamvadlive 2026. All rights reserved.