दिल्ली में सक्रिय पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, : शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात; सोनभद्र के मुद्दे उठाए
09:28 AM, Apr 18, 2026
सोनभद्र/नई दिल्ली। मिर्जापुर-भदोही के पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता नरेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। संसद भवन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर महिला सशक्तिकरण से जुड़े फैसलों, विशेषकर महिला आरक्षण (33 प्रतिशत), पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करते पूर्व सांसद नरेन्द्र कुशवाहा।
Share:
Published By
Neeraj Shukla
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और प्रस्तावित परिसीमन से देश के संसदीय इतिहास में नया अध्याय जुड़ेगा और यह विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बताया जा रहा है कि उक्त बिल के पारित न होने पर कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, जबकि विपक्ष इसे स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में महिलाएं विपक्ष को जवाब देंगी।
पूर्व सांसद ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े से भी मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान कुशवाहा ने सोनभद्र के आदिवासी समुदायों के उत्थान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही जिले में विकास कार्यों को गति देने, स्थानीय लोगों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विषय भी नेतृत्व के समक्ष रखे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुशवाहा की यह सक्रियता पूर्वांचल, विशेषकर सोनभद्र क्षेत्र की राजनीति में उनकी बढ़ती सक्रिय भूमिका का संकेत है।

