“दुल्हन या ठगी क्वीन? शादी के नाम पर लाखों उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब”
08:40 AM, Feb 11, 2026
मिर्जापुर के राजगढ़ क्षेत्र में फर्जी शादी कर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। लुटेरी दुल्हन स्वेटर खरीदने का बहाना बनाकर भागने लगी, लेकिन स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने दुल्हन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।

राजगढ़ थाना पुलिस की गिरफ्त में लुटेरी दुल्हन गैंग के गिरफ्तार आरोपी, फर्जी शादी के जरिए ठगी करने का आरोप।
Share:
Published By
Neeraj Shukla
मिर्जापुर: “ठंड लग रही है, स्वेटर चाहिए” कहकर भागने की कोशिश, लुटेरी दुल्हन गैंग के छह सदस्य गिरफ्तारडिजिटल डेस्क मिर्जापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र में फर्जी शादी कर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आगरा के रामबाग निवासी मीरा देवी अपने बेटे सचिन की शादी कराने के लिए पति अखिलेश शर्मा के साथ चंदौली आई थीं। वहां चंदौली निवासी अजीत ने शादी कराने का भरोसा दिलाया और रस्म के नाम पर 5 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद अजीत अपने साथियों जितेंद्र और रामविलास के साथ लड़के वालों को राजगढ़ थाना क्षेत्र के भागलपुर गांव ले गया। यहां शादी की तैयारी, कपड़े और जेवर खरीदने के नाम पर गिरोह के लोगों ने लड़के वालों से करीब 1 लाख रुपये और ले लिए। शाम को सभी लोग विसुनपुरा स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां पहले से ही मनीषा दुल्हन के रूप में बैठी थी। मंदिर में जल्दबाजी में सचिन और मनीषा की शादी करा दी गई। इसके बाद गिरोह के लोग पैसे आपस में बांटकर अलग हो गए।शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन और परिजन ऑटो से मिर्जापुर की ओर निकले। रास्ते में शाहगंज रोड बाजार के पास दुल्हन ने ठंड लगने की बात कहकर स्वेटर खरीदने के लिए ऑटो रुकवाया। जब दूल्हे पक्ष के लोग स्वेटर खरीद रहे थे, तभी दुल्हन भागने लगी। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और हाथापाई करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सभी को थाने ले गई। जहां दूल्हे सचिन की तहरीर पर पुलिस ने जितेंद्र, रामविलास (निवासी दाउदपुर, चंदौली), ज्योति, रीता, महिमा (निवासी भागलपुर, राजगढ़) और दुल्हन मनीषा (निवासी भवानीपुर, राजगढ़) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।राजगढ़ थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसका सरगना अजीत है। गिरोह के सदस्य फर्जी दुल्हन बनाकर जरूरतमंद लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करते थे। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

